डिवाइडर लांघकर ट्रक से भिड़ी कार, छह की मौत
कामरूप में एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा, कई घायल; दो की हालत गंभीर

कामरूप। असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार रात भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसा खेतड़ी थाना क्षेत्र के नलगेदरा इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार यात्री वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया।
जानकारी के अनुसार यात्री वाहन नगांव से गुवाहाटी की ओर जा रहा था। खेतड़ी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और गाड़ी डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने घायलों को तत्काल गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तीन शव अस्पताल लाए गए हैं, जबकि छह घायलों का उपचार जारी है। इनमें दो मरीज न्यूरोसर्जरी विभाग के हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।













