बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

हाईकोर्ट की सख्ती से घमापुर फ्लाईओवर का रास्ता साफ

अतिक्रमण हटाने की तैयारी तेज, नए रूट पर भी विचार; जल्द शुरू हो सकता है निर्माण

जबलपुर। लंबे समय से अटके घमापुर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर अब तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने निर्माण प्रक्रिया तेज कर दी है। आंबेडकर चौराहा से घमापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर को लेकर विधायक लखन घनघोरिया की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि पूरे मार्ग का यातायात आंकड़ा जुटा लिया गया है और सड़क चौड़ीकरण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने फ्लाईओवर को एमपी टूरिज्म कार्यालय से शुरू कर घमापुर चौराहे के आगे उतारने का विकल्प भी सुझाया। इस मार्ग को मंजूरी मिलने पर घमापुर, आंबेडकर चौक, कलेक्ट्रेट, हाईकोर्ट और जिला न्यायालय क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। फ्लाईओवर के अंतिम मार्ग पर अगली सुनवाई में निर्णय हो सकता है।

निर्माण के लिए सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले अतिक्रमणों का आकलन भी शुरू हो गया है। एल्गिन अस्पताल के आसपास गुमटी लगाने वाले दुकानदारों की राहत संबंधी याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। इससे अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता खुल गया है।

परियोजना का पहला प्रस्ताव वर्ष 2019 में 186.03 करोड़ रुपये का था, जो बाद में बढ़कर 269.22 करोड़ रुपये हो गया। लंबे समय से लंबित परियोजना को लेकर अब निर्माण शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।

Author

Related Articles

Back to top button