अवैध कबाड़ से लदा मिनी ट्रक जब्त, बरगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दस्तावेज नहीं मिलने पर 8 लाख के वाहन सहित करीब 20 हजार का कबाड़ जब्त

सिंगरौली/बरगवां। बरगवां पुलिस ने अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कबाड़ से लदा मिनी ट्रक जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को पकड़कर कबाड़ से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन और कबाड़ को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार 1 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि गोरवी की ओर से मिनी ट्रक क्रमांक MP 53 GA 3061 में अवैध कबाड़ लोड कर बरगवां के रास्ते सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा एसडीओपी रोशनी पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरगवां में घेराबंदी कर मिनी ट्रक को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पुराने कूलर, क्षतिग्रस्त साइकिलें, लोहे की चादर, प्लेट, पाइप, सरिया, बीयर के डिब्बे, लोहे की तगाड़ी, टीना, सिल्वर तार सहित अन्य कबाड़ सामग्री मिली। वाहन चालक लवकुश कोल, उम्र 40 वर्ष, निवासी चंदवाही, थाना बहरी, जिला सीधी से कबाड़ के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने करीब 20 हजार रुपये कीमत का कबाड़ तथा 8 लाख रुपये कीमत का मिनी ट्रक जब्त कर इस्तगासा क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, सउनि रामचरण सतनामी, आरक्षक महेश पटेल, शेर सिंह और राजन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













