उतर प्रदेशक्राइम न्यूज़बड़ी खबर

56 किलो गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन शुद्धि के तहत दुद्धी पुलिस और एसओजी की कार्रवाई, कार समेत 35 लाख की बरामदगी

सोनभद्र। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुद्धी पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में उड़ीसा से लखनऊ ले जाई जा रही करीब 56 किलो गांजे की खेप बरामद की गई। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई दुद्धी थाना क्षेत्र के म्योरपुर तिराहे पर की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान हुई। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वर्ना कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर रजखड़ घाटी के पास कार को घेरकर रोक लिया।

तलाशी लेने पर कार से 53 पैकेटों में कुल 55.989 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त वर्ना कार, एप्पल मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये की एटीएम निकासी संबंधी पर्ची भी मिली। कुल बरामदगी की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृपम सिंह उर्फ ऋषु सिंह उर्फ नुकेल उर्फ संदीप सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी अलीपुर, थाना कासिमपुर, जिला हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में गांजे की खेप उड़ीसा से लखनऊ के मटियारी और चिनहट क्षेत्र में सप्लाई के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button