बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माइनिंग क्लोजर फंड से रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता

कलेक्टर गौरव बैनल ने अनुपयोगी खदानों को सुरक्षित तरीके से बंद करने और ड्रोन सर्वे के निर्देश दिए

सिंगरौली,। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माइनिंग क्लोजर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संचालित एवं अनुपयोगी खदानों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार बंद करने, पर्यावरण संरक्षण तथा खनन क्षेत्रों के पुनर्स्थापन और पुनर्विकास की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि खनन कार्य समाप्त होने के बाद अनुपयोगी खदानों को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप व्यवस्थित तरीके से बंद किया जाए। उन्होंने अनुपयोगी खदानों में संभावनानुसार फ्लाई ऐश से सुरक्षित भराव कराने तथा इसके बाद प्लांटेशन और हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने माइनिंग क्लोजर कमेटी फंड का उपयोग स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने वाली गतिविधियों में करने पर जोर दिया। औद्योगिक कंपनियों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, पारिस्थितिकी पर्यटन, जल संसाधन प्रबंधन, स्वच्छ ऊर्जा, सतत जीवनशैली और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सभी औद्योगिक कंपनियों को अपने कार्यक्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। सर्वे के माध्यम से उपलब्ध भूमि, जल संसाधन, हरित क्षेत्र और अन्य संभावनाओं का आकलन कर दीर्घकालिक एवं व्यावहारिक परियोजनाएं तैयार करने को कहा गया।

बैठक में माइनिंग क्लोजर प्लान, पर्यावरणीय पुनर्स्थापना, सुरक्षित भराव, प्लांटेशन और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप पूरा कराने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी रतिभान ठाकुर, सहायक खनि अधिकारी राम सुशील चौरसिया सहित विभिन्न औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button