देवसर जनपद कार्यालय में नवागत जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय का औचक निरीक्षण
कार्यालयीन व्यवस्थाओं का लिया जायजा, स्वच्छता और आमजन को बेहतर सेवाएं देने के दिए निर्देश

सिंगरौली। नवागत जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी आईएएस संघप्रिय ने जनपद पंचायत देवसर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीईओ संघप्रिय ने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर अभिलेखों, कार्यप्रणाली और लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय परिसर को व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा कार्यालयीन कार्यों का निर्धारित समय में निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय से कर्मचारियों के बीच सकारात्मक कार्य वातावरण बनता है और कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं मिलती हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीईओ के निरीक्षण को कार्यालयीन व्यवस्थाओं में सुधार और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













