सरई में 4 सितंबर को मटकी फोड़ का महासंग्राम, प्रथम विजेता को मिलेगा 21 हजार का पुरस्कार
कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में सजेगा जिला स्तरीय आयोजन, छोटे बच्चों के लिए भी होंगे मनोरंजक कार्यक्रम

सिंगरौली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नगर परिषद सरई में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। पार्षद एवं समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी के आयोजन में 4 सितंबर की रात 9:30 बजे से कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरई के मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। आयोजन को लेकर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों के लिए आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 21 हजार रुपये और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। विभिन्न टीमों के बीच मटकी फोड़ को लेकर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।आयोजन में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ छोटे बच्चों के लिए मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी प्रेम सिंह भाटी के आयोजन में भव्य मटकी फोड़ कार्यक्रम हुआ था, जिसे नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। इसी उत्साह को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष प्रतियोगिता को जिला स्तरीय और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
आयोजक प्रेम सिंह भाटी ने नगरवासियों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की है।













