रीवा-सीधी हाईवे पर बस-बलकर की आमने-सामने भिड़ंत, 20 यात्री घायल
बदवार स्टैंड के पास हुआ भीषण हादसा; बस में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, एक व्यक्ति की मौत की सूचना

रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर बुधवार शाम बदवार स्टैंड के पास यात्री बस और बलकर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। गंभीर घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। गुढ़ एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
घायलों में सुजीत कुमार गुप्ता, अनिल साकेत, मनवसुआ साकेत, सबीना बेगम, रामपाल पटेल, आंजली पटेल, ब्रिजेन्द्र कुमार पटेल, मोहम्मद अंसारी, शिवानी पटेल, मोहम्मद इरशाद रजा अंसारी, मोहम्मद इब्राहिम, संजू पटेल, श्याम बाबू और पुनीत शुक्ला सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। सुजीत कुमार गुप्ता, गीता पटेल और करीब 12 वर्षीय धीरज की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किए जाने की जानकारी है।
एक व्यक्ति की मौत की सूचना
हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि मृतकों की संख्या और मृतक की पहचान की अंतिम आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से किया जाना बाकी है।
दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और राहत दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर बस और बलकर की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है, जबकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।













