गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से आगे बढ़ने की आशंका, बिहार में अलर्ट
पटना के गांधी घाट पर आज रात और हाथीदह में 4 सितंबर की दोपहर उच्चतम बाढ़ स्तर पार करने का अनुमान; 8 जिलों के निचले इलाकों में सतर्कता

पटना। बिहार में गंगा नदी के लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पटना के गांधी घाट पर गुरुवार रात और हाथीदह (मोकामा) में 4 सितंबर की दोपहर गंगा का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर को पार कर सकता है। संभावित खतरे को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
जलस्तर बढ़ने से भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद के नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है। विभाग ने लोगों से जोखिम नहीं लेने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
घाट और तटबंध से दूर रहने की सलाह
आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी, घाट, तटबंध और निचले इलाकों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में तत्काल जाने की अपील की गई है।
विभाग ने नदी में स्नान और तैराकी के साथ नाव से अनावश्यक आवागमन से भी बचने को कहा है। बढ़ते जलस्तर के बीच सेल्फी लेने या अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियां करने पर भी चेतावनी दी गई है।
जरूरी सामान तैयार रखने को कहा
संभावित बाढ़ को देखते हुए लोगों से आवश्यक दस्तावेज, दवाइयां, मोबाइल फोन, टॉर्च, पीने का पानी और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित एवं आसानी से ले जाने योग्य रखने को कहा गया है। विभाग ने अफवाहों से बचने और केवल जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
आपात स्थिति में प्रशासन और बचाव दल के निर्देशों का तत्काल पालन करने को कहा गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।













