बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तीसरे दिन भी जारी रहा नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान

सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र से हटाए अतिक्रमण; दोबारा कब्जा करने पर होगी सख्त कार्रवाई

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते ने उपायुक्त आर.पी. बैस के नेतृत्व में शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई में यातायात पुलिस का भी सहयोग रहा।

नगर निगम की टीम ने कार्रवाई से पहले संबंधित अतिक्रमणकारियों को अनाउंसमेंट के जरिए सड़क और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। फिलहाल जुर्माने की कार्रवाई नहीं की गई है। हटाया गया सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है।

शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
उपायुक्त आर.पी. बैस ने बताया कि शारदा लॉज के सामने सब्जी मंडी, काली मंदिर रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण तथा यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण हटने से लोगों का आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।

उपायुक्त ने व्यापारियों से निर्धारित एवं चिन्हित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है। समझाइश के बाद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button