एनटीपीसी विंध्याचल में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उमंग भवन ऑडिटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता रहे। इस दौरान महाप्रबंधक मणिक्यन सुरेश, डॉ. विनोद कुमार भराली, निर्मल कुमार सिंह, एच.पी. देवांगन, टी.एन. सीतारमन, रुमा दे शर्मा सहित डीपीएस, डीपॉल, सरस्वती शिशु मंदिर, टाइनी टॉट्स, बाल भवन एवं चैतन्य कोचिंग अकादमी के प्राचार्य व शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के स्वागत, गुलाब के पुष्प और स्मृति-चिह्न भेंट करने के साथ हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन और स्वागत संबोधन किया गया। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) रुमा दे शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज के पथप्रदर्शक होते हैं और ज्ञान, संस्कार एवं प्रबोधन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में रविंद्र मिश्रा ने स्वरचित गीत की प्रस्तुति दी। शिक्षकों के लिए फन गेम्स, क्विज प्रतियोगिता और स्केटिंग डांस सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। शिक्षकों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ शिक्षकों का विशेष सम्मान किया गया और शिक्षक दिवस के अवसर पर केक कटिंग भी हुई।
मुख्य अतिथि किशोर कुमार होता ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाते हैं। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं, जिनका योगदान प्रेरणादायी और अतुलनीय है।
इस अवसर पर डीपीएस, डीपॉल, सरस्वती शिशु मंदिर, टाइनी टॉट्स, बाल भवन एवं चैतन्य कोचिंग अकादमी के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। प्राचार्यों ने इस पहल के लिए एनटीपीसी प्रबंधन का आभार जताया।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कामना शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मृणालिनी ने प्रस्तुत किया। अंत में सभी शिक्षकों, अतिथियों एवं कर्मचारियों के साथ समूह छायाचित्र लेकर समारोह का समापन किया गया।













