महुआ गांव में बिना नंबर की स्कॉर्पियो से अवैध शराब पैकारी का आरोप, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो; पुलिस बोली- मौके पर नहीं मिली गतिविधि

सिंगरौली-सिंगरौली जिले के निवास चौकी क्षेत्र अंतर्गत महुआ गांव में अवैध शराब की पैकारी (अवैध बिक्री/सप्लाई) का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने बिना नंबर प्लेट वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी में शराब लोड कर ले जाने का आरोप लगाते हुए इसका वीडियो बनाया और पुलिस को भेजा। यह घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। हालांकि, इस वीडियो और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की अभी तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप: लगातार हो रही है शराब की पैकारी
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में काफी समय से लगातार अवैध शराब की पैकारी की जा रही है। गुरुवार शाम को जब बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो में शराब भरी जा रही थी, तब उन्होंने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस को मौके पर नहीं मिली गतिविधि
निवास चौकी प्रभारी नृपेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात उन्हें ग्रामीणों से यह वीडियो प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया, लेकिन वहां शराब पैकारी से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं पाई गई।
चौकी प्रभारी ने यह भी कहा कि यह मामला ग्रामीणों के आपसी विवाद का भी हो सकता है। फिलहाल इस संबंध में किसी ने भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लिखित शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग कराएगा वीडियो की जांच
इधर, आबकारी अधिकारी प्रणव श्रीवास्तव ने कहा कि वीडियो प्राप्त होने पर उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना आधिकारिक अनुमति के शराब को दुकान से किसी अन्य स्थान पर नहीं ले जाया जा सकता। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुद शराब पकड़ने या रोकने के बजाय सीधे विभाग या पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।













