देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ईवीएम और वोट चोरी सिर्फ बहाना, अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं आने वाला’: अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार

नई दिल्ली:केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपए की अहम परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में गृह मंत्री ने यमुना स्वच्छता को लेकर केंद्र की प्रतिबद्धता दोहराई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पूरे विपक्ष पर करारा राजनीतिक हमला बोला।

‘विपक्ष का दोहरा मापदंड नहीं चलेगा’
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष घुसपैठियों का वोट बचाने के लिए कभी ईवीएम तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाता है। उन्होंने कांग्रेस के दोहरे मापदंड को उजागर करते हुए कहा, “जब आप केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में जीत जाते हैं, तो चुनाव आयोग और ईवीएम अच्छे हो जाते हैं। कोर्ट आपके पक्ष में फैसला दे तो अच्छा, और विपक्ष में दे तो खराब। यह दोहरा मापदंड अब देश समझ चुका है।”

दशकों से कई राज्यों में सत्ता से बाहर है कांग्रेस
गृह मंत्री ने कांग्रेस के चुनावी ट्रैक रिकॉर्ड की पोल खोलते हुए बताया कि भाजपा की केंद्र में सरकार आने से बहुत पहले से ही कांग्रेस कई राज्यों में हाशिए पर है। उन्होंने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस गुजरात और यूपी में 41 साल, बंगाल में 54 साल, तमिलनाडु में 64 साल और दिल्ली में 18 साल से चुनाव नहीं जीती है। राहुल गांधी पर सीधा तंज कसते हुए शाह ने कहा, “मैं यहीं जन्मा हूं और जनता के बीच रहता हूं, मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता। आपकी नकारात्मक राजनीति के आधार पर मैं कह सकता हूं कि अगले 30 साल तक आपका नंबर नहीं लगने वाला है।”

30 सालों तक यमुना में बहाया गया गटर का पानी
यमुना शुद्धिकरण परियोजनाओं (8,941 करोड़ रुपए) को रीढ़ की हड्डी बताते हुए अमित शाह ने पिछली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले 30 सालों तक सरकारों ने यमुना में केवल गटर का पानी और रोजाना 2,000 टन गोबर छोड़ने का काम किया। यूपी और हरियाणा का गंदा पानी भी इसी में मिलाया गया।

40 प्रतिशत कार्ययोजना पूरी
शाह ने जानकारी दी कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक महीने के भीतर उच्चस्तरीय बैठक कर यमुना स्वच्छता की व्यापक कार्ययोजना तैयार करवाई थी, जिसका 40 प्रतिशत कार्य अब पूरा हो चुका है।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, जल मंत्री प्रवेश वर्मा, मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button