देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सऊदी अरब में दोहरे हमले से दहला दम्मम: किंग फहद एयरपोर्ट और अरामको रिफाइनरी पर अटैक, एक भारतीय समेत 4 की मौत

रियाद:सऊदी अरब में बुधवार देर रात हुए भीषण हमलों में एक भारतीय नागरिक सहित कुल चार लोगों की जान चली गई है। पहला हमला दम्मम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ, जबकि दूसरा निशाना सऊदी की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी अरामको को बनाया गया। इन बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका ने अपने राजनयिकों और कर्मचारियों को सपरिवार सऊदी अरब छोड़ने का निर्देश दे दिया है।

किंग फहद एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की मौत:
सऊदी के राष्ट्रीय उड्डयन नियामक (GACA) और रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय और एक सऊदी नागरिक की मौत हुई है। इस हमले में 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो भारतीय, एक सऊदी, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक शामिल है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि एयरपोर्ट पर नुकसान के आकलन के बाद हवाई यातायात और कामकाज फिर से सामान्य कर दिया गया है।

अरामको तेल ठिकाने पर ड्रोन अटैक:
हवाई अड्डे के साथ-साथ सऊदी अरब की प्रमुख तेल कंपनी अरामको के ठिकानों पर भी ड्रोन से जबरदस्त हमला किया गया। इस हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई है, जबकि एक भारतीय समेत दो अन्य लोग घायल हुए हैं।

अमेरिका ने राजनयिकों को देश छोड़ने को कहा:
फारस की खाड़ी के तट (बहरीन और कतर के नजदीक) पर स्थित दम्मम में हुए इन सिलसिलेवार हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई है। बिगड़ते हालात और सुरक्षा खतरों को देखते हुए अमेरिका ने एहतियातन अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को परिवारों के साथ तुरंत सऊदी अरब छोड़ने का आदेश जारी किया है।

Author

Related Articles

Back to top button