बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बरगवां बाजार से 7 दिन में हटाना होगा अतिक्रमण, प्रशासन ने जारी किया अंतिम नोटिस

व्यापारियों के साथ बैठक कर दी समझाइश, सड़क और नालियों पर कब्जा नहीं हटाने पर संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई

सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां में बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की पहल तेज कर दी है। सार्वजनिक सड़कों, नालियों और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से व्यापारियों के साथ बैठक कर संवाद किया गया। वहीं, संबंधित अतिक्रमणकारियों को 7 दिवस के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), देवसर ने नगर परिषद बरगवां के बाजार क्षेत्र और अतिक्रमण प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण से उत्पन्न समस्याओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद नगर परिषद द्वारा विभिन्न व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाए रखने की समझाइश दी गई। व्यापारियों से सार्वजनिक सड़कों, नालियों और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।

नगर परिषद के अनुसार, इससे पहले भी संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समयावधि में कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी के निर्देश पर संबंधित अतिक्रमणकारियों को दोबारा अंतिम नोटिस जारी किया गया है।

नोटिस के मुताबिक, संबंधित लोगों को 7 दिवस के भीतर अतिक्रमण हटाकर नगर परिषद कार्यालय को लिखित सूचना देनी होगी। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर राजस्व विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम नियमानुसार कार्रवाई करेगी। इस कार्रवाई में होने वाला खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूल किया जाएगा।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बरगवां बाजार में आवागमन को सुगम बनाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करना है। नगर परिषद ने व्यापारियों और नगरवासियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Author

Related Articles

Back to top button