देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गुजरात में तेंदुए का हमला, 12 साल की बच्ची को 60 मीटर तक घसीटा

पेड़ में फंसने से बची जान, गले में गंभीर चोट; दो महीने में बच्चों पर हमले की तीसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत

नवसारी। गुजरात के नवसारी जिले में तेंदुए ने 12 साल की बच्ची पर हमला कर उसे करीब 50 से 60 मीटर तक घसीट लिया। गनीमत रही कि बच्ची एक पेड़ में फंस गई, जिससे तेंदुआ उसे आगे नहीं ले जा सका। हमले में बच्ची के गले पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।

घटना वांसदा तालुका के केलकच्छ गांव के उपला फलिया की है। जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय निधि हसमुखभाई पटेल मंगलवार शाम करीब 7 बजे घर से बाहर नहाने जा रही थी। इसी दौरान अंधेरे में अचानक तेंदुआ सामने आया और उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्ची को जबड़े में दबाया और घसीटते हुए करीब 50-60 मीटर दूर तक ले गया। इसी दौरान बच्ची पेड़ में फंस गई और उसकी जान बच गई। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

500 मीटर दूर लगाया गया था पिंजरा

घटना के बाद वन विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमले वाली जगह से करीब 500 मीटर की दूरी पर तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। इसके बावजूद तेंदुए ने गांव में बच्ची पर हमला कर दिया।

दो महीने में तीसरी घटना

नवसारी जिले के भाजपा महामंत्री लोचन शास्त्री के अनुसार, पिछले दो महीनों में वांसदा तालुका में बच्चों पर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में बच्चों सहित स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button