देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

1 दिसंबर से महंगी होंगी कारें, मारुति-टाटा-हुंदै ने बढ़ाए दाम; ऑडी भी करेगी इजाफा

कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती लागत का हवाला, ऑडी की कीमतें 1 जनवरी 2027 से 2% तक बढ़ेंगी

नई दिल्ली। नई कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंदै ने दिसंबर से कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। वहीं लग्जरी कार निर्माता ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी 2027 से अपने वाहनों के दाम बढ़ाएगी। कंपनियों ने कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती लागत को इस फैसले की वजह बताया है।

कंपनियों के मुताबिक उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि से उनके परिचालन मार्जिन और मुनाफे पर दबाव पड़ रहा है। इसी अतिरिक्त खर्च की आंशिक भरपाई के लिए कीमतों में संशोधन किया जा रहा है।

मारुति और टाटा की कारें होंगी महंगी

मारुति सुजुकी इंडिया ने 22 नवंबर से चुनिंदा मॉडल की कीमतों में करीब 0.31% की बढ़ोतरी की है। कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है। इन बढ़ोतरी का कुल असर एक प्रतिशत से थोड़ा अधिक रहा है।

वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों सहित सभी कारों और एसयूवी की कीमतों में औसतन 0.5% वृद्धि की घोषणा की है। नई दरें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी। अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के अनुसार कीमतों में बदलाव अलग हो सकता है।

हुंदै की कारें 8 हजार रुपये तक महंगी

हुंदै मोटर इंडिया भी 1 दिसंबर से चुनिंदा मॉडल और वेरिएंट के दाम बढ़ाएगी। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि लागत बढ़ने के कारण कीमतों में अधिकतम 8,000 रुपये तक की वृद्धि की जाएगी। इस साल कंपनी पहले भी करीब 1.4% तक कीमतें बढ़ा चुकी है, जिसमें सितंबर की 0.4% वृद्धि शामिल है।

ऑडी के ग्राहक भी चुकाएंगे ज्यादा कीमत

ऑडी इंडिया 1 जनवरी 2027 से अपने वाहनों की कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी करेगी। इस फैसले का असर कंपनी के विभिन्न मॉडल पर पड़ेगा।

लगातार हो रही मूल्यवृद्धि से नई कार खरीदने वालों का बजट प्रभावित हो सकता है। दिसंबर से मारुति, टाटा और हुंदै की नई दरें लागू होंगी, जबकि ऑडी के ग्राहकों को जनवरी से बढ़ी हुई कीमतें चुकानी पड़ेंगी।

Author

Related Articles

Back to top button