देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सूरत में मजदूर परिवार पर हमला, 6 सदस्यों को नहर में फेंकने का आरोप; 3 की मौत, 2 बच्चे लापता

13 वर्षीय किशोर ने पाइप पकड़कर बचाई जान, होटल पहुंचकर दी पुलिस को सूचना; चार लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका में मामला दर्ज

सूरत। गुजरात के सूरत जिले में एक मजदूर परिवार के छह सदस्यों को कथित तौर पर कार से उतारकर गहरी नहर में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो बच्चे लापता हैं। परिवार के एक 13 वर्षीय किशोर ने नहर में पाइप पकड़कर अपनी जान बचा ली और होटल पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लापता बच्चों की तलाश में जुटी हैं।

घटना बारडोली तालुका के उवा गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से महाराष्ट्र के जलगांव क्षेत्र का रहने वाला परिवार एरंडोल की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार के सदस्य 21 नवंबर को काम की तलाश में कार से सूरत के लिए निकले थे। आरोप है कि उवा नहर के पास दूसरी कार में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों को जबरन कार से उतारकर एक-एक कर नहर में धकेल दिया गया।

पाइप पकड़कर बचाई जान, होटल पहुंचकर दी सूचना

नहर में फेंके जाने के दौरान 13 वर्षीय किशोर का हाथ पानी में पड़ी एक पाइप पर पड़ गया। उसने पाइप पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई और बाहर निकलने में सफल रहा। इसके बाद वह पास के एक होटल पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पुलिस ने नहर में तलाश अभियान शुरू कराया।

तीन शव बरामद, दो बच्चों की तलाश जारी

पुलिस और बचाव दल को महुआ तालुका के डुंगरी के पास उकाई-काकरापार लेफ्ट बैंक नहर से तीन शव मिले। इनमें एक पुरुष, एक महिला और एक युवती शामिल हैं। परिजनों ने मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल और कविता पाटिल सहित अन्य परिजन के रूप में की है। परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है।

चार लोगों के खिलाफ शिकायत, आठ टीमें गठित

इस मामले में खंडिया, आभा, बंटी और एक अज्ञात व्यक्ति सहित चार लोगों के खिलाफ बारडोली ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। सूरत ग्रामीण पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश, वारदात के पीछे की वजह और परिवार से संभावित पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और लापता बच्चों की तलाश के लिए आठ अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

Author

Related Articles

Back to top button