बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

एएसपी दीपक मिश्रा पर गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने का आरोप सही, डीआईजी की जांच में पुष्टि

होटल सिद्धार्थ में युवक-युवती के साथ पुलिस के अनुचित व्यवहार का मामला; सात पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित, 50 हजार रुपये की कथित वसूली की जांच जारी

जबलपुर/सिवनी। सिवनी के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा पर होटल में ठहरे युवक-युवती को गांजा रखकर एनडीपीएस के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप डीआईजी की जांच में सही पाया गया है। छिंदवाड़ा डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने मामले की जांच कर रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर यह उच्चस्तरीय जांच कराई गई थी।

मामला 13 नवंबर का है। डूंडा सिवनी थाना क्षेत्र के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में एक युवक और युवती ठहरे हुए थे। इसी दौरान तत्कालीन एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, कोतवाली टीआई सतीश तिवारी और यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे थे।

सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में पुलिस अधिकारी युवक-युवती पर उनके माता-पिता को बुलाने का दबाव बनाते दिखाई दिए। आरोप है कि युवक के विरोध करने पर तत्कालीन एएसपी दीपक मिश्रा ने उसके बैग में गांजा रखवाकर झूठे मामले में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी थी। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

डीआईजी राकेश कुमार सिंह ने सिवनी पहुंचकर पीड़ित युवक-युवती और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिसकर्मियों की तस्वीरें दिखाकर उनकी पहचान भी कराई गई। जांच रिपोर्ट में पद का दुरुपयोग कर होटल में दबिश देने और युवक-युवती के साथ अनुचित एवं गैरकानूनी व्यवहार किए जाने के आरोप सही पाए गए।

सात पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित

मामले में तत्कालीन एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, टीआई सतीश तिवारी, यातायात प्रभारी विजय बघेल, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, चालक कृष्णा परते और गनमैन सलमान खान को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

50 हजार रुपये की कथित वसूली की जांच जारी

होटल संचालक संजय सनोडिया ने भी पुलिस पर होटल संचालन के एवज में हर महीने 50 हजार रुपये की अवैध वसूली मांगने का आरोप लगाया था। हालांकि, प्रारंभिक जांच में इस आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी है और इसकी अलग से जांच जारी है। डीआईजी की रिपोर्ट के बाद अब संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना बढ़ गई है।

Author

Related Articles

Back to top button