चीन का शेनझोउ-24 मिशन सफलतापूर्वक लॉन्च, पहली बार पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री भी दल में शामिल
तीन अंतरिक्ष यात्री तियांगोंग स्टेशन के लिए रवाना, मिशन में 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण होंगे

बीजिंग। चीन ने बुधवार को अपने शेनझोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन का सफल प्रक्षेपण कर अंतरिक्ष कार्यक्रम में नया इतिहास रचा। इस मिशन के साथ पहली बार किसी विदेशी नागरिक को चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष अभियान में शामिल किया गया है। पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए हैं।
अंतरिक्ष यान को उत्तर-पश्चिम चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित किया गया। प्रक्षेपण के कुछ मिनट बाद चीनी अधिकारियों ने मिशन को सफल घोषित कर दिया।
तीन सदस्यीय दल में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री
शेनझोउ-24 मिशन के दल में कमांडर तांग होंगबो, फ्लाइट इंजीनियर वू यी और पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली शामिल हैं। जीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री होंगे। योजना के मुताबिक, वह करीब एक सप्ताह अंतरिक्ष में बिताने के बाद शेनझोउ-23 अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर लौटेंगे। वहीं, चीनी अंतरिक्ष यात्री सामान्य तौर पर तियांगोंग स्टेशन पर लगभग छह महीने तक रहते हैं। प्रक्षेपण के करीब तीन घंटे बाद यान के अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ने की उम्मीद जताई गई है।
चीन ने क्यों बनाया अपना अंतरिक्ष स्टेशन?
चीन ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से अलग अपना तियांगोंग स्टेशन विकसित किया। इसकी प्रमुख वजह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन कार्यक्रम में चीन को शामिल नहीं किया जाना माना जाता है। अमेरिका ने चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की सैन्य भागीदारी को लेकर चिंताएं जताई थीं। तियांगोंग स्टेशन वर्ष 2022 में पूरी तरह चालू हुआ था। आकार में यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से काफी छोटा है।
2031 में बंद हो सकता है आईएसएस
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की शुरुआत 1998 में हुई थी। तब से विभिन्न देशों के अंतरिक्ष यात्री वहां 3,000 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग कर चुके हैं। रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा वर्ष 2031 की शुरुआत में इसे सेवा से हटाने की योजना बना रही है। इसके लिए स्पेसएक्स के विशेष डीऑर्बिट वाहन से स्टेशन को नियंत्रित तरीके से दक्षिण प्रशांत महासागर में गिराया जाएगा।
90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोगों की तैयारी
चीनी अधिकारियों के अनुसार, मिशन का प्रमुख उद्देश्य शेनझोउ-23 के चालक दल के साथ अंतरिक्ष यात्रियों की अदला-बदली करना है। इसके अलावा तियांगोंग स्टेशन का संचालन, रखरखाव, वैज्ञानिक अनुसंधान और पेलोड परीक्षण भी किए जाएंगे। मिशन में 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण प्रस्तावित हैं। इनमें अंतरिक्ष जीवन विज्ञान, सामग्री विज्ञान, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में द्रव भौतिकी, दहन विज्ञान, मौलिक भौतिकी, अंतरिक्ष चिकित्सा और नई अंतरिक्ष तकनीकों से जुड़े अध्ययन शामिल हैं।













