मध्यप्रदेश के ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को राहत, किसी की नौकरी नहीं जाएगी: मुख्यमंत्री
31 मार्च 2027 तक सेवाएं समाप्त होने की अटकलों को बताया भ्रामक, मौजूदा नियुक्ति व्यवस्था जारी रहेगी

भोपाल। मध्यप्रदेश के करीब ढाई लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी राहत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा। 31 मार्च 2027 तक सेवाएं समाप्त किए जाने की खबरों को उन्होंने भ्रामक बताया और कहा कि कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर वर्तमान व्यवस्था ही जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
वित्त विभाग के निर्देश से बढ़ा था असमंजस
दरअसल, पिछले दिनों योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने वित्त विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए नियमित पदों के विरुद्ध कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक समाप्त करने संबंधी निर्देश जारी किए थे। इसमें विभागों को यह तय करने को कहा गया था कि आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखनी हैं या नहीं। सेवाएं जारी रखने की स्थिति में संबंधित नियमित पद समाप्त करने की बात भी कही गई थी।
इस आदेश के बाद प्रदेश के करीब ढाई लाख कर्मचारियों में असमंजस और नाराजगी बढ़ गई थी। कर्मचारी संगठनों ने विरोध में 6 दिसंबर को आंदोलन करने की घोषणा की थी। मंगलवार को कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारियों को राहत मिली है। राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी यूनियनों ने भी फैसले का स्वागत किया है।
दो संतान की सीमा का नियम भी समाप्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा से जुड़ी नीति समाप्त करने का निर्णय लिया है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से भी छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है।
भत्तों और अनुकंपा नियुक्तियों पर भी फैसले
मुख्यमंत्री के अनुसार, कम्प्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट (सीपीसीटी) सहित करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया गया है। उन्होंने वेतन और भत्तों का भुगतान समय पर करने पर जोर दिया। दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिवारों को राहत देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग में 1000 से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति लेने की पुरानी व्यवस्था भी समाप्त कर दी गई है। कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के हित और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता बनी रहेगी।













