पति के घर नहीं लौटने से नाराज मां ने दो बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, तीसरी ने भागकर बचाई जान
तीसरी बेटी को भी मारने का प्रयास करने का आरोप, पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में एक मां पर अपनी ही दो मासूम बेटियों की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृत बच्चियों की उम्र 13 और 11 साल बताई गई है। आरोप है कि पति के रात में घर नहीं लौटने से नाराज महिला ने वारदात को अंजाम दिया। उसने तीसरी बेटी को भी मारने की कोशिश की, लेकिन बच्ची किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घटना डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर गांव की है। एक ही घर में दो सगी बहनों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। शुरुआत में दोनों की मौत संदिग्ध मानी गई। बच्चियों के मुंह से झाग निकलने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जहर देकर हत्या किए जाने सहित अन्य संभावित पहलुओं की जांच शुरू की।
घर से गायब मिली मां, पिता से भी पूछताछ
सूचना मिलने पर डुमरियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच के दौरान बच्चियों की मां घर से गायब मिली, जबकि पुलिस ने उनके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
तीसरी बेटी के बयान से खुला मामला
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान शक की सुई मां की ओर घूम गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों की गला घोंटकर हत्या की गई थी। आरोप है कि महिला ने तीसरी बेटी को भी मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह वहां से भाग निकली और उसकी जान बच गई।
मोतिहारी के प्रभारी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।













