स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के पहियों से निकलीं चिंगारियां, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
गेटमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, अनंतपेठ स्टेशन पर 35 मिनट रोककर की गई जांच और मरम्मत

डबरा। विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के एक जनरल कोच के पहियों से बुधवार सुबह अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। पहियों से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन की सतर्कता से समय रहते इसकी सूचना अधिकारियों तक पहुंची और ट्रेन को अनंतपेठ स्टेशन पर रोककर स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन नंबर 12804 बुधवार सुबह 5:15 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना हुई थी। ग्वालियर स्टेशन पार करने के बाद अनंतपेठ स्टेशन की ओर बढ़ते समय पीछे से तीसरे नंबर के जनरल कोच के पहियों से चिंगारियां निकलने लगीं। रेलवे फाटक संख्या 400 पर तैनात गेटमैन ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद गार्ड के माध्यम से लोको पायलट को अलर्ट किया गया और ट्रेन को अनंतपेठ स्टेशन पर रोक दिया गया।
अग्निशमन उपकरणों से बुझाई गई आग
ट्रेन रुकते ही कोच से धुआं उठता देखकर यात्री घबरा गए। कई यात्री नीचे उतरकर स्टेशन पर आ गए। रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में जनरल कोच का ब्रेक ब्लॉक होने से पहियों में घर्षण और चिंगारियां निकलने की बात सामने आई। कर्मचारियों ने ब्रेक की जांच कर उसे ठीक किया।
35 मिनट बाद रवाना हुई ट्रेन
रेलवे रिकॉर्ड के मुताबिक, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस सुबह 10:29 बजे अनंतपेठ स्टेशन पहुंची और 11:04 बजे वहां से रवाना हुई। सुरक्षा जांच और मरम्मत के लिए ट्रेन करीब 35 मिनट तक खड़ी रही।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जनरल कोच का ब्रेक ब्लॉक होने के कारण पहियों में घर्षण हुआ था। अनंतपेठ स्टेशन पर ट्रेन रोककर ब्रेक रिलीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि ट्रेन में कोई अन्य तकनीकी खराबी नहीं थी और जांच पूरी होने के बाद उसे सुरक्षित आगे रवाना कर दिया गया।













