मलगो में बैगा बस्ती तक बनेगी 2.1 किलोमीटर सड़क, 136.10 लाख रुपये से होगा निर्माण
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मलगो में बैगा बस्ती तक सड़क पहुंचाने की दिशा में पहल की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत कुम्हिया-मलगो पीएमजीएसवाई रोड से बैगा बस्ती तक 2.1 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की लागत 136.10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने बताया कि सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और बैगा बस्ती के रहवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। लंबे समय से आवागमन की सुविधा की जरूरत महसूस कर रहे बस्ती के लोगों के लिए यह निर्माण महत्वपूर्ण साबित होगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, माड़ा मंडल अध्यक्ष भागवत जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













