विकास के दावों के बीच प्यासे आदिवासी, मुंगहवा टोला में स्वच्छ पेयजल का संकट
चितरंगी की कपुरदेई पंचायत के ग्रामीण बुनियादी सुविधा से वंचित, जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सिंगरौली। जिले में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बड़े-बड़े दावों के बीच आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब भी बना हुआ है। चितरंगी विकासखंड की कपुरदेई ग्राम पंचायत के मुंगहवा टोला से सामने आई तस्वीरें ग्रामीणों की पेयजल समस्या को उजागर कर रही हैं। यहां रहने वाले ग्रामीण स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं और उन्हें पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
एक ओर शासन-प्रशासन गांवों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मुंगहवा टोला की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा का अभाव जिम्मेदार विभागों की निगरानी और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाता है।
कब मिलेगी ग्रामीणों को राहत?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने के दावों के बावजूद मुंगहवा टोला में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अब तक क्यों नहीं हो सकी। क्या जिम्मेदार अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्या की जानकारी नहीं है या फिर इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है?
मुंगहवा टोला की तस्वीर विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की दूरी को सामने ला रही है। ग्रामीणों को आश्वासन के बजाय स्थायी पेयजल सुविधा की जरूरत है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था करता है।













