बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की संगोष्ठी, कांग्रेस पर साधा निशाना

सिंगरौली। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार 26 नवंबर को जिला भाजपा कार्यालय में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान तथा संविधान की मूल भावना पर विस्तार से विचार व्यक्त किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की। मुख्य वक्ता के रूप में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेमवती खैरवार, जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक एवं नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला देवी मंचासीन रहे।

जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संविधान गौरव दिवस की महत्ता और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिवस भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने व्यापक विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ देश को ऐसी संवैधानिक व्यवस्था प्रदान की, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और न्याय का भरोसा देती है। संविधान गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, उसके मूल आदर्शों को समझना तथा संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित सभी महान विभूतियों के योगदान को स्मरण करना है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस संविधान बचाओ के नाम पर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि उसी कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं की मर्यादाओं को तार-तार किया था। संविधान की धज्जियां उड़ाने वाली कांग्रेस आज संविधान की पुस्तक लेकर घूम रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संविधान के नाम पर राजनीतिक दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने लोकसभा तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया और उनके जीवनकाल में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित भी नहीं किया। आज वही कांग्रेस बाबा साहब की हितैषी बनने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी का मूल उद्देश्य कांग्रेस के इस राजनीतिक दोहरेपन और बाबा साहब के प्रति उसके ऐतिहासिक रवैये को जनता के सामने रखना है।

मुख्य वक्ता देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने अपने उद्बोधन में डॉ. भीमराव अंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब का सदैव निरादर किया। संविधान निर्माण की प्रक्रिया में भी उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया। लगभग 2 वर्ष 11 माह के लंबे विचार-विमर्श के बाद संविधान तैयार हुआ। प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ. अंबेडकर ने अपनी विधिक विशेषज्ञता, विद्वता और तार्किक क्षमता से संविधान को अंतिम स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों पर संसद में हुई चर्चाओं और आपत्तियों का उन्होंने अपने तर्कों के आधार पर उत्तर दिया।

विधायक मेश्राम ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. अंबेडकर के साथ-साथ सरदार वल्लभभाई पटेल का भी उचित सम्मान नहीं किया। कांग्रेस लंबे समय तक संविधान निर्माण और बाबा साहब के योगदान को लेकर भ्रम फैलाती रही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया तथा उनसे जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने डॉ. अंबेडकर के विचारों, व्यक्तित्व और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर यथोचित सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस का उद्देश्य बाबा साहब के वास्तविक योगदान और संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।

संविधान की उद्देशिका का वाचन एवं संकल्प

कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से उद्देशिका को दोहराते हुए संविधान के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ ली। साथ ही उद्देशिका में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपने आचरण एवं व्यवहार में आत्मसात करने तथा उन्हें धरातल पर साकार करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मंचीय संचालन जिला मंत्री आलोक यादव ने किया तथा जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला भाजपा के समस्त पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडलों के पदाधिकारी, पार्षद, एल्डरमैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button