देश विदेशबड़ी खबर

मन की बात के 129वें एपिसोड में पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की उपलब्धियां, 2026 को लेकर जताई उम्मीदें

नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 129वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया। यह वर्ष 2025 का अंतिम एपिसोड था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बीते वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख किया और आने वाले वर्ष 2026 की चुनौतियों, संभावनाओं और विकास की दिशा पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ ही दिनों में वर्ष 2026 शुरू होने जा रहा है और वर्ष 2025 की यादें मन में ताजा हैं। उन्होंने कहा कि यह वर्ष देश के लिए गर्व के कई क्षण लेकर आया। सुरक्षा, खेल, विज्ञान और वैश्विक मंचों पर भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभियान हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि दुनिया ने देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता। ऑपरेशन के दौरान देश और विदेश में भारत माता के प्रति प्रेम और भक्ति की भावना देखने को मिली।

खेलों में भारत की उपलब्धियों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती, जबकि महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा। इसके अलावा, भारतीय बेटियों ने विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन किया और एशिया कप टी-20 में भी भारत का शानदार प्रदर्शन रहा।

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं की भूमिका को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आज दुनिया भारत को नई उम्मीद के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि युवा देश के विकास में योगदान देने को उत्सुक हैं और उनकी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए यंग लीडर डायलॉग एक महत्वपूर्ण मंच है। हाल ही में इसका पहला संस्करण आयोजित किया गया था और जल्द ही दूसरा संस्करण भी होगा, जिसमें प्रधानमंत्री स्वयं भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से युवा इनोवेशन, फिटनेस और कृषि जैसे अहम विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। प्रधानमंत्री ने युवाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि हाल ही में आयोजित एक क्विज प्रतियोगिता में लाखों युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

Author

Related Articles

Back to top button