बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सीहोर में चलती बाइक में विस्फोट, युवक की मौके पर मौत

सीहोर:मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रविवार सुबह एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना इछावर–आष्टा रोड पर रामनगर गांव के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमली निवासी सुखराम बरेला (30) कुओं में ब्लास्टिंग का काम करता था। वह रविवार सुबह मोटरसाइकिल से रामनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक में तेज धमाका हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। शुरुआती जांच में विस्फोट के लिए डेटोनेटर होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोटक सामग्री की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।

एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच रामनगर में गिट्टी मशीन के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल में अचानक विस्फोट हुआ। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास कोई अन्य संदिग्ध या संवेदनशील वस्तु नहीं मिली है।

फिलहाल पुलिस अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button