उतर प्रदेश

कचहरी परिसर का बंद डाकघर खुलवाने की मांग, बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र ने कचहरी परिसर स्थित बंद पड़े उप-डाकघर को पुनः संचालित कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह डाकघर लंबे समय से न्यायालय से जुड़े कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है और इसके बंद होने से वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह (अधिवक्ता) ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में संचालित उप-डाकघर के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, नोटिस एवं अदालती दस्तावेजों का आदान-प्रदान होता था। इसके अचानक बंद हो जाने से न्यायिक कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में प्रवर डाक अधीक्षक, मिर्जापुर मंडल को भी प्रतिलिपि भेजी गई है।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिंदु यादव (अधिवक्ता) ने कहा कि डाकघर बंद होने के कारण अब अधिवक्ताओं और वादकारियों को 3-4 किलोमीटर दूर मुख्य डाकघर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है। इससे न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब भी हो रहा है।

बार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित एवं न्यायिक कार्यों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए कचहरी परिसर स्थित डाकघर को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू कराया जाए।

इस दौरान पवन कुमार सिंह, राजेश कुमार यादव, राजेंद्र कुमार यादव, रामप्रसाद यादव, चतुर्भुज शर्मा, टीटू प्रसाद गुप्ता, शाहनवाज आलम खान, चंदन जायसवाल, पवन कुमार द्विवेदी, अनुराग पांडेय, अभिषेक सिंह मौर्य, कामता प्रसाद यादव, आदर्श देव पांडेय, रविंद्र पटेल सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button