उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

ऊर्जांचल के छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

शक्तिनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर रविवार की शाम ऊर्जांचल के छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।

शाम होते ही कोटा छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और हाथों में सूप लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। घाटों की साफ-सफाई के साथ आकर्षक लाइटिंग और रंग-बिरंगी झालरों से सजावट की गई थी। शाम ढलते ही रोशनी से जगमगाते घाटों की छटा देखते ही बन रही थी।

व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य की उपासना की। इस दौरान परिवार के सदस्य भी पूजन सामग्री के साथ मौजूद रहे। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन शाम को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। दिनभर निर्जला उपवास रखने के बाद व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव की आराधना की। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।

वहीं, छठ पूजा के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शक्तिनगर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। एसआई रंजीत कुमार के साथ पुलिस टीम कोटा छठ घाट पर मौजूद रही और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी। महापर्व के अवसर पर ऊर्जांचल में आस्था, विश्वास और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।

Author

Related Articles

Back to top button