बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

न्यायोत्सव के तहत सिंगरौली में सप्ताहव्यापी जागरूकता कार्यक्रमों का शुभारंभ

विधिक साक्षरता शिविर एवं मैराथन दौड़ के माध्यम से दिया न्याय और अधिकारों का संदेश

सिंगरौली । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के तत्वावधान में प्रदेश के समस्त जिलों में आयोजित किए जा रहे न्यायोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिंगरौली द्वारा भी सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, वंचित एवं कमजोर वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना है।

न्यायोत्सव के प्रथम दिवस दिनांक 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर स्काईलार्क स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिंगरौली श्री अतुल कुमार खंडेलवाल द्वारा विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने ‘स्काईलार्क’ शब्द का अर्थ समझाते हुए विद्यार्थियों को अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री धर्मेंद्र सोनी द्वारा बच्चों को निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। विशेष न्यायाधीश श्रीमती कंचन गुप्ता ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के महत्वपूर्ण प्रावधानों से अवगत कराया। विशेष न्यायाधीश श्री उमेश कुमार सोनी द्वारा साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्यायालय द्वारा बच्चों को सरल एवं सहज भाषा में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई।

न्यायोत्सव के दूसरे दिवस, दिनांक 15 नवंबर 2026 को जिला न्यायालय परिसर, बैढ़न से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिंगरौली तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस जागरूकता दौड़ में लगभग 200 विद्यार्थियों, पैरालीगल वॉलंटियर्स, अधिवक्तागण, समस्त न्यायाधीशगण एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मैराथन के माध्यम से आमजन को न्याय तक समान पहुंच, विधिक जागरूकता एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। आयोजन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।

मैराथन दौड़ के पश्चात पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अतुल कुमार खंडेलवाल एवं सचिव श्री धर्मेंद्र सोनी द्वारा उपस्थित पत्रकार बंधुओं को न्यायोत्सव के अंतर्गत आगामी सप्ताह में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं उद्देश्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि न्याय केवल सक्षम एवं संपन्न व्यक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक विधिक सहायता एवं न्याय संबंधी जानकारी पहुंचे।

न्यायोत्सव का मूल संदेश है—न्याय सबके लिए, अधिकार सबके लिए और विधिक जागरूकता हर व्यक्ति तक।

Author

Related Articles

Back to top button