न्यायोत्सव के अंतर्गत सप्ताहभर होंगे विविध विधिक जागरूकता कार्यक्रम
सिंगरौली- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिंगरौली द्वारा आयोजित सप्ताहव्यापी न्यायोत्सव के अंतर्गत प्रत्येक दिवस अलग-अलग वर्गों को केंद्रित करते हुए विधिक जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस बाल दिवस के अवसर पर स्काईलार्क स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं उनसे संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान की गई।
द्वितीय दिवस जिला न्यायालय परिसर, बैढ़न से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 विद्यार्थियों सहित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
तृतीय दिवस जिला जेल में निरुद्ध बंदियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उन्हें उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
चतुर्थ दिवस दिव्यांगजनों के लिए विशेष विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।
पंचम दिवस जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।
न्यायोत्सव के अंतिम दिवस व्यापक जनजागरूकता के उद्देश्य से बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली में समस्त न्यायाधीशगण, पैरालीगल वॉलंटियर्स, डिफेंस काउंसिल, अधिवक्तागण एवं आमजन सहभागिता करेंगे। बाइक रैली के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय, समानता एवं विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का संकल्प है कि समाज का कोई भी व्यक्ति आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य किसी भी परिस्थिति के कारण न्याय से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से न्यायोत्सव के माध्यम से विधिक जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।












