लापरवाही की हद: सिंगरौली जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में जांचें ठप, सीएम हेल्पलाइन तक पहुंची मरीजों की पीड़ा

सिंगरौली-जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर की इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (समेकित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला) इन दिनों गंभीर बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार है। अगस्त माह में 81 प्रतिशत बिलो पर नया टेंडर हासिल करने वाली एजेंसी ‘साइंस हाउस पीओसीटी प्राइवेट लिमिटेड, भोपाल’ पिछले दो-तीन महीनों से अपनी जिम्मेदारियां निभाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। रीएजेंट (अभिकर्मक), जरूरी मशीनों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण लैब में महत्वपूर्ण जांचें ठप पड़ी हैं, जिसका खामियाजा दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
रीएजेंट और किट के अभाव में कई जरूरी जांचें बंद
एजेंसी द्वारा प्रदेश के 55 जिलों के साथ-साथ सिविल अस्पतालों व सीएचसी में पैथोलॉजी संचालन का ठेका लिया गया है, लेकिन धरातल पर स्थिति बेहद चिंताजनक है। लैब में पीटी-आईएनआर, एचडीएल, सीआरपी, एलएलपी, बिलीरुबिन (डायरेक्ट एंड टोटल), लाइपेज, एचबीए1सी और एचपीएलसी जैसी कई जीवन-रक्षक और जरूरी जांचें नहीं हो पा रही हैं। शुरुआत के इंतजार में नई मशीनें धूल फांक रही हैं, जिससे मरीजों के समुचित उपचार में भारी बाधा आ रही है।
मशीनों का इंस्टॉलेशन और संचालन अधर में
हाल ही में नई बायोकेमेस्ट्री मशीन उपलब्ध होने के बावजूद ‘साइंस हाउस’ द्वारा इसका इंस्टॉलेशन और संचालन शुरू नहीं किया गया है। इसके अलावा, नई एचपीएलसी मशीन भी अब तक स्थापित नहीं हो पाई है, जबकि पुरानी डी-10 एचपीएलसी मशीन के लिए किट्स उपलब्ध न होने के कारण जांच प्रक्रिया पूरी तरह चरमरा गई है।
इलेक्ट्रोलाइट्स रिपोर्ट पर मेडिसिन विशेषज्ञों की गहरी आपत्ति
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब इलेक्ट्रोलाइट्स जांच के परिणाम मरीजों की वास्तविक चिकित्सीय स्थिति के विपरीत आने लगे। मेडिसिन विशेषज्ञों ने फोन कॉल और अस्पताल के ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप पर इस पर तीखी आपत्ति जताई है। डॉक्टरों का मानना है कि गलत रिपोर्ट सीधा मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा एक अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक मामला है।
आरओ वाटर और कंप्यूटर जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी टोटा
प्रयोगशाला में प्रतिदिन लगभग 250 से 300 लीटर डिस्टिल वाटर की आवश्यकता होती है, परंतु इसके लिए अत्यंत आवश्यक ‘आरओ वाटर सिस्टम’ आज तक स्थापित नहीं किया गया है। वहीं, खराब पड़े दो पुराने कंप्यूटरों को बदलने के लिए एक महीने पहले शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक नया सिस्टम नहीं लगाया गया है, जिससे रिपोर्टिंग का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मरीजों को समय पर रिपोर्ट देने के लिए जरूरी प्रिंटिंग पेपर की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति भी एजेंसी नहीं कर पा रही है।
अधिकारियों ने लिखा पत्र, त्वरित कार्रवाई की मांग
जब लैब में जांचें पूरी तरह बंद हो गईं और मरीजों को मजबूरन सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें दर्ज करानी पड़ रही हैं, तब जाकर प्रशासनिक अमला हरकत में आया है। लैब कर्मियों द्वारा मरीजों को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने की बात कहे जाने के बाद, पैथोलॉजिस्ट एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रत्यूष झा ने सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. कल्पना रवि को एक विस्तृत शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में प्रयोगशाला की गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए तत्काल ठोस निदान का अनुरोध किया गया है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके।













