बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनजातीय गौरव दिवस पर सिंगरौली में बिरसा मुंडा को किया नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

राज्य मंत्री राधा सिंह की अध्यक्षता में बिलौंजी स्थित अटल बिहारी सामुदायिक भवन में हुआ जिला स्तरीय आयोजन, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी मनाई गई जयंती

सिंगरौली। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को सिंगरौली जिले में जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला मुख्यालय बैढ़न के बिलौंजी स्थित अटल बिहारी सामुदायिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश सरकार की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने की। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों और जनजातीय समाज के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, पूर्व विधायक राम लल्लू वैस, सुभाष रामचरित वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, भाजपा नेता वशिष्ठ पांडे, कलेक्टर अंकित अस्थाना, जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उनके जीवन और संघर्ष पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और भाषण प्रस्तुत किए। जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से अपनी समृद्ध संस्कृति की झलक प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, अधिकार और स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उनका संघर्ष और बलिदान आज भी समाज को प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और योगदान को याद करने का अवसर है।

कार्यक्रम में जनजातीय समाज के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई। जिला मुख्यालय बैढ़न के अलावा सरई, चितरंगी, देवसर और माड़ा में भी जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और ग्रामीण शामिल हुए। अंत में भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने और समाज के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button