उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

उत्तर प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी भाजपा : योगी आदित्यनाथ

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और डबल इंजन सरकार के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदली है और उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।

एक कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और विकास से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन, रोजगार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण के क्षेत्र में काम हुआ है। उन्होंने भाजपा संगठन को अनुशासित बताते हुए कहा कि पार्टी परिवारवाद के बजाय मूल्यों और सिद्धांतों से जुड़े कार्यकर्ताओं पर आधारित है।

कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था में बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय अराजकता, दंगे, कर्फ्यू, लूट और रंगदारी का माहौल था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत कर प्रदेश को दंगा और कर्फ्यू मुक्त बनाया है। योगी ने महिला सुरक्षा में सुधार का उदाहरण देते हुए लखनऊ के एचसीएल टेक कैंपस का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 में वहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब लगभग 18 हजार युवा कार्यरत हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाएं रात की शिफ्ट के बाद भी सुरक्षित अपने घर पहुंचती हैं।

योगी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है और 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस प्रशिक्षण क्षमता 6 हजार से बढ़ाकर 60 हजार की गई है। उन्होंने एसडीआरएफ और स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के गठन, 18 मंडलीय मुख्यालयों पर फॉरेंसिक लैब, 7 शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली तथा सभी 75 जिलों में साइबर थानों की स्थापना का भी उल्लेख किया।

अर्थव्यवस्था और रोजगार पर रखे आंकड़े

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उनके अनुसार, प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये तक पहुंची है। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू की गई हैं। जेवर एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और डिफेंस कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को उन्होंने आर्थिक विकास का आधार बताया।

योगी ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2017 के 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। इनमें करीब आधे महिलाओं द्वारा संचालित हैं। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां काम कर रही हैं, जिनसे 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने निवेश के माध्यम से करीब 65 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने का भी दावा किया।

धार्मिक स्थलों के विकास और गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, अयोध्या में एयरपोर्ट, रामपथ और रामजी की पैड़ी सहित धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 4,500 से अधिक पौराणिक मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों के पुनरुद्धार तथा सुंदरीकरण का काम किया गया है।

गरीब कल्याण योजनाओं पर उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 करोड़ से अधिक परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए और करीब 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिए जाने की बात भी कही।

एसआईआर और विपक्ष पर भी साधा निशाना

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं और भारत के नागरिक नहीं होने वाले लोगों के नाम हटने चाहिए, जबकि प्रत्येक पात्र वयस्क भारतीय नागरिक का नाम सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी हार के लिए कभी ईवीएम तो कभी निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया।

योगी ने सपा की पीडीए राजनीति, कांग्रेस के आपातकाल और विपक्षी दलों की तुष्टीकरण की नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर बिना तथ्य और प्रमाण के सवाल उठाना उचित नहीं है। राम मंदिर निर्माण, अयोध्या के विकास और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चंदे के मामले पर भी उन्होंने विपक्ष की आलोचना की।

एनडीए के सहयोगी दलों के साथ चुनावी तालमेल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सीटों तथा रणनीति से जुड़े फैसले आपसी सहमति से किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने वर्ष 2029-30 के साथ 2047 के लिए भी विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाए।

Author

Related Articles

Back to top button