देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, सरेंडर की अपील ठुकराकर करता रहा गोलीबारी

 

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। अभियान से पहले अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया था, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। सामने आए वीडियो के अनुसार, अधिकारी ने उससे कहा कि वह आत्मसमर्पण कर दे, सुरक्षा बल उसके साथ हैं। जवाब में भट ने कहा, “मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं।” इसके बाद इलाके में दोबारा गोलीबारी शुरू हो गई।

सीआरपीएफ चौकी पर हमले में था शामिल

पुलिस के अनुसार, लतीफ भट और उसका साथी उमर निसार डार 11 नवंबर को अखरान में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में सुरक्षा बलों के 3 जवान घायल हुए थे। उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में हुई एक अन्य मुठभेड़ में मारा गया था।

पुलिस की ओर से जारी सीसीटीवी फुटेज में दोनों को हमले से पहले इलाके की रेकी करते हुए देखा गया है। फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उनकी पहचान की गई थी। इसके बाद से सुरक्षा बल इलाके में लगातार तलाशी और घेराबंदी अभियान चला रहे थे। पूछताछ के लिए 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी दी गई है।

हमले से पहले कई इलाकों की रेकी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आया कि 10 नवंबर को उमर निसार डार और लतीफ भट ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई इलाकों की रेकी की थी। आरोप है कि दोनों ने इन स्थानों पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। 11 नवंबर को सीआरपीएफ चौकी पर हमला करने के बाद दोनों फरार हो गए थे।

अनंतनाग हमले में भी था नाम

जांच एजेंसियों के अनुसार, उमर निसार डार पिछले 5-6 महीनों से लतीफ भट को पनाह और अन्य सहायता दे रहा था। पुलिस का दावा है कि लतीफ भट 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए हमले में भी शामिल था। उस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हुई थी।

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को कुलगाम में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button