देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर वाली इमारत पर आज से बुलडोजर कार्रवाई, बीएमसी ने जारी किया नोटिस

 

मुंबई। मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना की जर्जर इमारत को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) 18 और 19 नवंबर को गिराने की तैयारी में है। इस इमारत में कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पुश्तैनी घर और कार्यालय था। बीएमसी के सी वार्ड कार्यालय ने 16 नवंबर 2026 को ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहेगा।

पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित यह इमारत सी-एस नंबर 4315 के अंतर्गत आती है। बीएमसी ने इसे सी-1 श्रेणी की खतरनाक इमारत घोषित किया है। निगम के अधिकारियों के हालिया निरीक्षण में पाया गया कि इमारत लगभग खाली हो चुकी है। केवल भूतल पर बने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जर्जर हालत और सड़क चौड़ीकरण का हवाला

बीएमसी का कहना है कि इमारत की खराब स्थिति से वहां आने वाले लोगों और राहगीरों की जान को खतरा है। इसके अलावा सेकंड कूपर स्ट्रीट के प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण में भी इमारत का कुछ हिस्सा बाधा बन रहा है। निगम के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने 31 अगस्त 2020 को इस संबंध में आदेश पारित किया था। इसके बाद इमारत खाली कराने और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।

वक्फ ट्रिब्यूनल की रोक का दावा, कम समय देने पर नाराजगी

दूसरी ओर, स्थानीय लोगों और ट्रस्ट से जुड़े मामले में पक्ष रखने वालों का दावा है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत गिराने पर रोक लगाई है। उनका आरोप है कि बीएमसी ने नोटिस के जरिए केवल 24 घंटे का समय दिया, जबकि ऐसी कार्रवाई के लिए सामान्यतः 15 दिन का समय दिया जाता है। उनका कहना है कि इतने कम समय में अदालत का रुख करना भी मुश्किल है।

बीएमसी के नोटिस में बताया गया है कि सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (एसबीयूटी) ने प्रार्थना हॉल का उपयोग करने वालों को धार्मिक गतिविधियां जारी रखने के लिए दो विकल्प दिए हैं। इनमें सेक्टर-4 के अन नसर टावर में यूनिट एफ67, एफ68 और एस68 में अस्थायी प्रार्थना स्थल उपलब्ध कराना अथवा दूसरी उपयुक्त जगह किराये पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देना शामिल है।

निगम ने प्रार्थना हॉल का इस्तेमाल करने वालों से कुरान शरीफ और अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक सुरक्षित हटाने तथा इमारत खाली करने को कहा है। कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी मुंबई नगर निगम की होगी। वहीं, मस्जिद के इमाम ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के प्रतिनिधि बैठकर प्रार्थना स्थल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा करें।

Author

Related Articles

Back to top button