दो दशक बाद भारत में डब्ल्यूएफई की बैठक, पीएम मोदी बोले- तेजी से आगे बढ़ रहा पूंजी बाजार

नई दिल्ली। भारत में करीब दो दशक बाद वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेस (डब्ल्यूएफई) की 65वीं जनरल असेंबली और वार्षिक बैठक आयोजित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश का पूंजी बाजार भी तेजी से विस्तार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने इस आयोजन के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) और डब्ल्यूएफई को बधाई देते हुए इसमें शामिल होने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
अपने लिखित संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि पूंजी बाजार के विस्तार से कंपनियों को पूंजी जुटाने, कारोबार बढ़ाने और विकास के नए अवसरों में भागीदारी का मौका मिल रहा है। म्यूचुअल फंड जैसे निवेश माध्यमों के जरिए निवेश अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचा है। अधिक लोगों की बाजार में भागीदारी से नागरिकों को देश की विकास यात्रा का साझेदार बनने का अवसर मिल रहा है।
मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने वित्तीय व्यवस्था को अधिक समावेशी और कुशल बनाने के लिए काम किया है। बैंकिंग, बीमा और डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार से लाखों लोग औपचारिक वित्तीय प्रणाली से जुड़े हैं। जनधन-आधार-मोबाइल (जैम) और यूपीआई जैसे डिजिटल सार्वजनिक ढांचे ने वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
निवेशकों का भरोसा सबसे अहम
प्रधानमंत्री ने वित्तीय क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकों से हो रहे बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इनसे नए अवसर पैदा हो रहे हैं, लेकिन साइबर सुरक्षा, बाजार की निष्पक्षता और निवेशकों की सुरक्षा से जुड़े सवाल भी सामने आ रहे हैं। तकनीक बाजारों के विकास की गति तय कर सकती है, लेकिन पूरे वित्तीय तंत्र में भरोसा हमेशा सबसे महत्वपूर्ण रहेगा।
65वीं डब्ल्यूएफई जनरल असेंबली और वार्षिक बैठक 17 से 19 नवंबर 2026 तक मुंबई में आयोजित की जा रही है। इसकी मेजबानी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया कर रहा है।













