देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गंभीर चक्रवात में बदला ‘अकवान’, आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ा; एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 24 टीमें तैनात

 

विशाखापत्तनम। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ‘अकवान’ गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके 20 नवंबर की दोपहर नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यनम तटों को पार करने की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए राज्य में आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की 13 तथा एसडीआरएफ की 11 टीमें तैनात की गई हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुधवार सुबह जारी बुलेटिन के अनुसार, चक्रवात पिछले छह घंटों में लगभग 3 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। सुबह 5:30 बजे यह चेन्नई से करीब 580 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 650 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम और विशाखापत्तनम से लगभग 610 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व तथा ओडिशा के गोपालपुर से 730 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था।

120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार

मौसम विभाग के मुताबिक, तट से टकराते समय तूफान की अधिकतम लगातार हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, जो झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को तटीय जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से घरों में रहने की अपील

आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक और रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रखर जैन ने बताया कि चक्रवात की दिशा और गति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अलावा दमकल विभाग की टीमें भी आपात राहत अभियान के लिए तैयार हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने तटीय क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि आपात स्थिति को छोड़कर घरों से बाहर न निकलें। किसानों को भी खेती-किसानी के काम के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इस बीच राज्य मंत्री वी. अनीता ने अधिकारियों के साथ बैठक कर चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।

Author

Related Articles

Back to top button