बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

आरपीएफ की तीन दिन में तीन बड़ी कार्रवाई, 7.23 लाख रुपये का गांजा जब्त; तीन तस्कर गिरफ्तार

 

इटारसी। पश्चिम मध्य रेल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत तीन दिनों में तीन अलग-अलग कार्रवाइयां करते हुए 25.634 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 7,23,250 रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरपीएफ पोस्ट इटारसी की टीम ने 4 से 6 नवंबर 2026 के बीच इटारसी, नर्मदापुरम और बुधनी स्टेशन के आसपास कार्रवाई की। पहली कार्रवाई 4 नवंबर को हुई। समता एक्सप्रेस से इटारसी-नागपुर आउटर पर उतरे एक आरोपी के पास से 8.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

इसके बाद 5 नवंबर को नर्मदापुरम स्टेशन के पास से 10.930 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। वहीं, 6 नवंबर को गोंडवाना एक्सप्रेस से बुधनी स्टेशन के निकट उतरे एक अन्य आरोपी के पास से 6.304 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

खुफिया सूचना पर बदली रणनीति

ये कार्रवाई प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्तों के नेतृत्व में की गई। इसमें आरपीएफ पोस्ट इटारसी, अपराध खुफिया शाखा भोपाल, विशेष खुफिया शाखा और स्थानीय पुलिस की अहम भूमिका रही।

आरपीएफ की टीमों ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखी। आरोपियों के संभावित उतरने के स्थानों में बदलाव की आशंका को देखते हुए टीमों ने तत्काल अपनी रणनीति बदली और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से कार्रवाई को अंजाम दिया।

पश्चिम मध्य रेल के अधिकारियों के अनुसार, रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए तीनों मंडलों में अभियान लगातार जारी रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button