शक्तिनगर थाने में तैनात दरोगा सदाशिव राय का निधन
57 वर्षीय उपनिरीक्षक के निधन से पुलिस महकमे में शोक, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर थाने में तैनात 57 वर्षीय उपनिरीक्षक सदाशिव राय का मंगलवार को हृदयाघात से निधन हो गया। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें तत्काल एनटीपीसी संजीवनी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। करीब एक घंटे तक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से गाजीपुर जनपद के रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसुका निवासी सदाशिव राय पूर्व में मिर्जापुर जिले में तैनात रहे थे। वर्तमान में वह शक्तिनगर थाने में उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।
निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए अस्पताल में पुलिस परिवार, सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय और शक्तिनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय सहित पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया।
सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उनके शालीन व्यवहार, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली को याद किया। अंतिम विदाई के दौरान हर आंख नम नजर आई। उनके असामयिक निधन से शक्तिनगर पुलिस परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।












