बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

राज्यपाल श्री पटेल ने क्रांतिनायक संत गोविन्द गुरु बंजारा को किया नमन

लोकभवन में मानगढ़ की पवित्र भूमि के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

भोपाल : राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने गरिमामय कार्यक्रम में मानगढ़ की पवित्र भूमि के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। क्रांतिनायक गोविंद गुरु बंजारा को उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। मंगलवार को लोकभवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोकभवन के अधिकारी कर्मचारियों ने स्वतंत्रता सेनानी गोविन्द गुरु और मानगढ़ की पवित्र भूमि के अमर बलिदानी जनजातीय जनसमूह को नमन किया। श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मानगढ़ की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ही के दिन 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ की पावन भूमि पर गोविन्द गुरु के अनुयायी 1500 से अधिक जनजातीय बहनों-भाईयों द्वारा अपने प्राणों की आहुति देकर भारतीय स्वतंत्रता और स्वाभिमान की अमर गाथा लिखी गई थी। यह बलिदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उन्होंने कहा कि गोविन्द गुरु के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति और राष्ट्र सेवा का संकल्प लेना चाहिए। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राज्यपाल श्री पटेल ने गुजरात के मंत्री के रूप में मानगढ़ के गुजरात वाले हिस्से के प्रति अपनी सेवा को याद किया। बताया कि मानगढ़ की पवित्र भूमि पर बलिदानियों की स्मृति में 1500 से अधिक पौधों का रोपण कराया था। उन्होंने बताया कि मानगढ़ मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों की साझी विरासत है। इन राज्यों द्वारा मानगढ़ में स्मृति केन्द्र संयुक्त रूप से विकसित किया जा रहा है।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि क्रांतिनायक संत गोविन्द गुरु बंजारा का जीवन त्याग, तपस्या, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के उत्थान, सामाजिक सुधार और देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया था। गोविन्द गुरु ने भगत आंदोलन के माध्यम से जनजातीय समाज को संगठित कर शिक्षा, स्वच्छता, सदाचार, नशामुक्ति, स्वावलंबन और सामाजिक एकता का संदेश दिया था। उनके द्वारा स्थापित सम्प सभा केवल सामाजिक सुधार का मंच नहीं थी, वह अन्याय, शोषण, बेगार और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जनजागरण का सशक्त माध्यम भी थी।

Author

Related Articles

Back to top button