रेत विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
प्रधानमंत्री आवास के लिए रखी रेत उठाने से रोकने पर हुआ था विवाद, ट्रॉली का पहिया कमर के ऊपर चढ़ने से गई जान

सिंगरौली। खुटार चौकी क्षेत्र के ग्राम बिहरा में रेत को लेकर हुए विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को अबरहवा नाला के पास रेत उठाने से रोकने पर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर तेज गति से आगे बढ़ा दिया, जिससे ट्रॉली का पहिया युवक की कमर के ऊपर चढ़ गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बिहरा निवासी छोटेलाल कोल अपने परिवार के साथ अबरहवा नाला पहुंचे थे। वहां सुनील कुमार पटेल (28), निवासी बिहरा निमिहवाडांड, ट्रैक्टर से रेत उठा रहा था। मृतक अरुण कोल ने उसे रेत उठाने से मना करते हुए बताया कि रेत उसके पट्टे की है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान के निर्माण में उपयोग होनी है। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान सुनील ने ट्रैक्टर में लोड रेत पलटकर वहां से भागने का प्रयास किया। अरुण ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने वाहन तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रॉली का पहिया अरुण की कमर के ऊपर चढ़ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बैढ़न थाने में मर्ग क्रमांक 153/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। साक्षियों के बयान, शव पंचनामा, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध क्रमांक 1510/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन तथा बैढ़न थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में खुटार चौकी प्रभारी अमन सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।












