देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग में चला बुलडोजर: ASI की जमीन पर बन रहा अवैध दो मंजिला होटल ध्वस्त

चित्तौड़गढ़, 14 जून।यूनेस्को (UNESCO) की विश्व धरोहर सूची में शामिल ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग में रविवार तड़के प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की संरक्षित भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे एक अवैध दो मंजिला होटल को भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया।

सुबह 4 बजे शुरू हुआ ‘महा-ऑपरेशन’
जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तब रविवार सुबह ठीक 4 बजे जिला प्रशासन, नगर परिषद, पुलिस और पुरातत्व विभाग की संयुक्त टीम लाव-लश्कर के साथ दुर्ग क्षेत्र में दाखिल हुई। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए 10 जेसीबी (JCB) मशीनें, 8 ट्रैक्टर और 3 ब्रेकर मशीनों को काम पर लगाया गया। सुरक्षा के लिहाज से दुर्ग की तरफ जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था।

नोटिस के बाद भी नहीं रोका निर्माण, कोतवाली में मामला दर्ज
पुरातत्व विभाग के अधिकारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि यह निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित और संरक्षित क्षेत्र में किया जा रहा था। निर्माणकर्ता को पहले विभाग द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं रोका गया।

हाल ही में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने एक उच्च स्तरीय बैठक में दुर्ग क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाया था। कलेक्टर के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में नामजद मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।

जांच के दायरे में 8 से 10 अन्य होटल-रेस्टोरेंट

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, साल 2020 के बाद से दुर्ग क्षेत्र में कई अवैध होटल, कैफे और रेस्टोरेंट कुकुरमुत्ते की तरह खड़े हो गए हैं। इस कार्रवाई के बाद अब ऐसे 8 से 10 अन्य व्यावसायिक निर्माण भी प्रशासन की रडार पर आ गए हैं, जिनकी वैधता की जांच की जा रही है। हरी झंडी मिलते ही उन पर भी पीला पंजा चल सकता है।

प्रशासन की इस औचक और बड़ी कार्रवाई से चित्तौड़गढ़ के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। इस कदम को ऐतिहासिक धरोहरों को अतिक्रमण से मुक्त कराने और उनके संरक्षण की दिशा में एक बड़ा व कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button