देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जयपुर में ACB का बड़ा एक्शन: कर्नाटक पुलिस की महिला SI सहित 3 कर्मी 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 14 जून।राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी ने जयपुर में दबिश देने आई कर्नाटक पुलिस की एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) और दो हेड कांस्टेबलों को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेंगलुरु के एच.ए.एल. (HAL) थाने की उप निरीक्षक अनीथा के., हेड कांस्टेबल उलवप्पा और हेड कांस्टेबल यतीश के रूप में हुई है।

दहेज केस कमजोर करने के बदले मांगे थे 2 लाख रुपए
एसीबी मुख्यालय को मिली शिकायत के अनुसार, जयपुर निवासी परिवादी ने बताया कि उसकी पुत्रवधु ने बेंगलुरु के एच.ए.एल. थाने में परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ के सिलसिले में कर्नाटक पुलिस की यह टीम जयपुर आई थी।

आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने दर्ज केस को कमजोर करने, धाराएं हटाने और परिवार को कानूनी राहत देने के एवज में 2 लाख रुपए की मोटी घूस मांगी थी। शिकायत मिलने पर एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने गुप्त रूप से शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।

होटल में बिछाया जाल, कार्रवाई देख महिला SI की बिगड़ी तबीयत
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जयपुर के एक होटल में जाल बिछाया, जहां कर्नाटक पुलिस की टीम ठहरी हुई थी। जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपए हेड कांस्टेबल उलवप्पा को दिए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर महिला एसआई और दूसरे हेड कांस्टेबल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

मौके पर बुलाई गई मेडिकल टीम

अचानक हुई इस कार्रवाई और खुद को घिरता देख आरोपी महिला सब-इंस्पेक्टर अनीता बुरी तरह घबरा गईं और उनका ब्लड प्रेशर (BP) हाई हो गया। स्थिति बिगड़ती देख एसीबी की टीम ने तुरंत मौके पर डॉक्टर्स बुलाकर उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई, जिसके बाद उनकी हालत सामान्य हुई।

भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
उप महानिरीक्षक (DIG) ओमप्रकाश मीणा की निगरानी में हुई इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अब तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में बेंगलुरु के अन्य वरिष्ठ अधिकारी या स्थानीय मददगार भी शामिल हैं या नहीं।

Author

Related Articles

Back to top button