सिंगरौली में फेंसिंग खेल का आगाज, नन्हे खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम
जिला स्तरीय चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन, 14 खिलाड़ी राज्य प्रतियोगिता के लिए चयनित

सिंगरौली। जिले में पहली बार ओलंपिक खेल फेंसिंग को लेकर जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन एनटीपीसी विंध्यनगर स्थित वीवा क्लब में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के नन्हे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और फेंसिंग में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
चयन ट्रायल के बाद 14 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय मिनी फेंसिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अंडर-10 बालक वर्ग में राजीव कुमार, आर्यांश भारद्वाज, शौर्य पिपलिया और शिवम कुमार शाह का चयन हुआ। अंडर-10 बालिका वर्ग में संयुक्ता सिंह, चार्वी पाल और समीरा साकेत चयनित हुईं।
इसी तरह अंडर-12 बालक वर्ग में ईशांत पटेल, जयश शंकर और नितेश कुमार पटेल, जबकि अंडर-12 बालिका वर्ग में समीक्षा सिंह, सृष्टि राणा, मणिकर्णिका दुबे और शुभी अग्रहरी का चयन किया गया।

चयनित खिलाड़ी आगामी 12 सितंबर 2026 को वीवा क्लब, विंध्यनगर में आयोजित होने वाली 14वीं मिनी राज्य स्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता 2026-27 में सिंगरौली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ी जिला फेंसिंग एसोसिएशन के सचिव गणेश सिंह विशाल के मार्गदर्शन और कोच खुशबू साकेत के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
जिले में पहली बार फेंसिंग खेल को मिल रही इस शुरुआत से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है। स्थानीय खेलप्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।













