बैढ़न में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, रिश्तेदार पर आरोप; पुलिस ने 47 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार

सिंगरौली (वैढ़न):कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों की शिकायत पर बैढ़न पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 47 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
दर्द होने पर मासूम ने मां को बताई आपबीती:
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब बच्ची को असहनीय दर्द हुआ और उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो मां ने उससे पूछताछ की। इस दौरान मासूम ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों ने बताया कि आरोपी बच्ची का दूर का रिश्तेदार लगता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन व स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सीधे बैढ़न थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, वैधानिक कार्रवाई जारी:
बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। माता-पिता की शिकायत एवं प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर 47 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसका भी चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले में संबंधित धाराओं के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













