बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जिला पंचायत सीईओ सख्त, उपयंत्री का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश

कई अधिकारियों-कर्मचारियों का मानदेय रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

सिंगरौली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघ प्रिय (आईएएस) ने 24 अक्टूबर को निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में लापरवाही और कम प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
सर्वशिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों में रुचि नहीं लेने पर उपयंत्री श्री संजय ताम्रकार का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, ‘वॉश ऑन व्हील’ योजना एवं सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण में कम प्रगति पर जनपद पंचायत देवसर और बैढ़न के ब्लॉक समन्वयकों का अक्टूबर माह का मानदेय रोकने को कहा गया। विकसित भारत-जी राम जी योजना में पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने और मानव दिवस सृजन में कम प्रगति वाले उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। नयाटोला में चेकडैम कम पुलिया निर्माण में लापरवाही पर संबंधित उपयंत्री को नोटिस जारी किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान सर्वशिक्षा अभियान के वर्ष 2025-26 एवं पूर्व के अप्रारंभ कार्यों को सात दिन में शुरू कराने, जबकि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के लंबित कार्यों को सात से दस दिनों में प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। डीएमएफ के तहत पूर्ण आंगनबाड़ी भवनों के पूर्णता प्रमाण पत्र एक सप्ताह में जारी करने तथा अप्रारंभ कार्यों को 5 नवंबर तक शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
जिला पंचायत की निर्माण शाखा के फिनिशिंग स्तर के 34 कार्यों को 5 नवंबर तक पूर्ण करने तथा सहुआर पुलिया और हैचरी निर्माण की रिपोर्ट तीन दिन में प्रस्तुत करने को कहा गया। परसौना, नौढ़िया एवं उर्ती मरचेरा टोला में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण सात दिन में प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराएं, अन्यथा जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button