पीएम मोदी ने भारत को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकाला, दुनिया में नई पहचान दिलाई : योगी
25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का ऐलान, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व में भारत ने विकास और वैश्विक प्रभाव के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री के हेड ऑफ स्टेट के रूप में 7 अक्टूबर को 25 वर्ष पूरे होंगे। इसी उपलक्ष्य में 17 सितंबर ‘सेवा दिवस’ से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
विकास और जनकल्याण पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं के साथ आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारा, जिनकी पहले कल्पना करना मुश्किल था। उनके अनुसार भारत आज कमजोर और गरीब देश की छवि से आगे बढ़कर वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।
दुनिया में बढ़ी भारत की स्वीकार्यता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कई देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित किया है। भारत में जी-20 और ब्रिक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण बताया। उनके अनुसार मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में विकास और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन का स्पष्ट विजन दिखाई देता है।
संस्कृति और विरासत पर भी जोर
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को गुलामी की मानसिकता से बाहर निकालने के साथ भारतीय विरासत और संस्कृति के संरक्षण तथा सम्मान की दिशा में भी काम किया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्रयागराज महाकुंभ के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आधुनिक विकास के साथ आगे बढ़ा रहा है।
11 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचेगा अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘लोकल फॉर वोकल’ के आह्वान का असर देश के औद्योगिक विकास में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश में चिप से लेकर शिप तक निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे का हब बना है और केंद्र की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और 11 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।













