सिंगरौली को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में बड़ी पहल, 24 अक्टूबर को महा-परीक्षा

सिंगरौली। जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत जिलेभर में महा-परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले में 863 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 51,600 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होकर साक्षरता की दिशा में अपना कदम बढ़ाएंगे।
परीक्षा का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान पंजीकृत नवसाक्षर अपनी सुविधानुसार निर्धारित समयावधि में परीक्षा दे सकेंगे। अभियान का उद्देश्य शिक्षा से वंचित लोगों को साक्षर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय ने शिक्षकों, विद्यार्थियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अक्षर-मित्रों से इस महा-परीक्षा को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
उन्होंने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सिंगरौली को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।













